लोकतंत्र सेनानी के घर पहुंचे अधिकारी, सम्मान किया गया
बांदरी में गणतंत्र दिवस पर प्रशासनिक अधिकारी लोकतंत्र सेनानी डाॅ. गौरीशंकर वर्मा के घर पर पहुंचकर उनका सम्मान करते हुए।
*बांदरी।* राष्ट्र के 72 वें गणतंत्र दिवस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने बांदरी के लोकतंत्र सेनानी डॉ गौरीशंकर वर्मा के घर जाकर शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। राज्य शासन द्वारा कोविड-19 के मद्देनजर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान घर जाकर ही करने के निर्देश दिए गए थे। शासन के इस निर्देश के अनुपालन में कलेक्टर दीपक सिंह द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसमें जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमेन्द्र गोविल, मालथौन नगर परिषद के सीएमओ आनंद कुमार शर्मा व पंचायत निरीक्षक संतोष कुमार द्वारा लोकतंत्र सेनानी डॉ गौरीशंकर वर्मा का उनके बांदरी स्थित निवास पहुंचकर शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। मालूम हो इसके पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकतंत्र सेनानियों का ताम्रपत्र देकर सम्मान कर चुके हैं।
लोकतंत्र को बचाने का कार्य किया:
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि देश में युवा पीढ़ी को संदेश देने के लिए 1975 के आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा में समर्पित रूप से भागीदार लोकतंत्र सेनानी का सम्मान किया गया। लोकतंत्र सेनानी श्रद्धा के पात्र हैं । इन्होंने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को बचाने का कार्य किया। इनके समर्पण व संघर्ष को हम श्रद्धा से सिर झुकाकर सम्मान करते हैं। लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कार्यक्रम हमें यह याद दिलाता है कि कैसे इन्होंने सभी सुख सुविधाओं का त्याग कर यातनाएं सही और लोकतंत्र को बचाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीसाबंदियों को लोकतंत्र सेनानी का दर्जा देकर सम्मानित करने का फैसला किया था । इसी के तहत जिले के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया जा रहा है।
आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रम को लोकतंत्र सेनानी श्री वर्मा ने भी बयां किया। उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान जो पीड़ा व प्रहार झेलना पड़ी वह देश की राजनीतिक दिशा बदलने का कारण बनी। इस दौरान बांदरी में हुए विकास कार्यों का श्रेय श्री वर्मा ने नगरीय प्रशासन व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही यह भी कहा कि यह सम्मान उनका नहीं क्षेत्र की जनता का है। कार्यक्रम में शांतिदेवी वर्मा , आभा जैन, विश्वनाथ सिंह पार्षद ,राजेंद्र चौहान राजेश राय, दीपकमल जैन व भाजपा कार्यकर्ता व मीडियाकर्मी मौजूद रहे।
- 72वां गणतंत्र दिवस पर झंणतोलन कार्यक्रम धूमधाम से मनाया - February 16, 2021
- सेवा, शिक्षा और दानशीलता के पर्याय : श्री नन्दकिशोर जी बड़वार (ताम्रकार) - February 15, 2021
- निष्काम कर्मयोगी: श्री हरीनारायण जी ताम्रकार - February 15, 2021